
सिरोही। आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही की ओर से जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के अध्यक्ष श्री अजय शर्मा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक ने बैंक अधिकारियों से चर्चा की।
सचिव ने बैंक प्रबंधकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी देते हुए बैंक स्तर पर लंबित तथा लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जा सकने वाले अधिकाधिक प्रकरणों को चिन्हित कर आगामी लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में पक्षकारों से समय रहते संपर्क कर आपसी सहमति एवं समझौते के जरिए विवादों का निस्तारण कराने का प्रयास किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र, सरल एवं सुलभ न्याय मिल सके।
बैठक में बैंक अधिकारियों को लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित निस्तारण से होने वाले लाभों के बारे में पक्षकारों को जागरूक करने, प्रकरणों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बैंक प्रबंधकों से 12 सितम्बर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने तथा अधिकाधिक प्रकरणों को आपसी राजीनामे के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया।




