
बाड़मेर | 24 अगस्त 2026 बाड़मेर जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। भीलों का तला गांव में खेत में मिला संदिग्ध विस्फोटक घर लाने के बाद खेलते समय अचानक फट गया। धमाके की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार का 5 वर्षीय बेटा भैराराम घर के पास खेत में खेल रहा था। इसी दौरान उसे जमीन पर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। मासूम उसे खिलौना समझकर घर ले आया। घर पर खेलते समय अचानक उसमें जोरदार धमाका हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे में भैराराम और उसकी मां फूली देवी घायल मिलीं। परिजन दोनों को तत्काल बाड़मेर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बीजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में संदिग्ध विस्फोटक कैसे पहुंचा। आशंका है कि यह किसी पुराने सैन्य अभ्यास से जुड़ा अनफटा गोला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खेत या खुले इलाके में कोई भी संदिग्ध वस्तु मिले तो उसे छूने या घर ले जाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।




