
सिरोही। रोहिड़ा थाना पुलिस ने पुलिस कस्टडी से फरार हुए POCSO एक्ट के आरोपी रवि कुमार को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों, ड्रोन और ग्रामीणों के सहयोग से लगातार तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह आरोपी को दांतराई नदी की रपट के पास झाड़ियों से दस्तयाब किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रकरण संख्या 132 में आरोपी रवि कुमार को 22 अगस्त को गिरफ्तार कर अवकाशकालीन न्यायालय रेवदर के समक्ष पेश किया गया था, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को मौका तस्दीक के लिए आमलारी गांव लेकर पहुंची।
इसी दौरान आरोपी ने उल्टी आने का बहाना बनाया और पुलिसकर्मी से हाथ छुड़ाकर कार का दरवाजा खोलकर भाग निकला। पुलिस जवानों ने उसका पीछा किया, लेकिन खेतों में ओझल होने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस जाब्ता और RAC के जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों के साथ ड्रोन की भी मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद सोमवार सुबह आरोपी दांतराई नदी की रपट के पास झाड़ियों में छिपा मिला।
आरोपी की गिरफ्तारी में आमलारी और दांतराई गांव के ग्रामीणों का भी सहयोग रहा। पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी: रवि कुमार पुत्र कैलाश कुमार, उम्र 25 वर्ष, निवासी अनादरा, थाना अनादरा, जिला सिरोही।
इस कार्रवाई में रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण सहित रोहिड़ा, कालन्द्री और अनादरा थाना पुलिस के अधिकारी-जवान तथा RAC का जाब्ता शामिल रहा।




