
पिंडवाड़ा। फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजारी के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आइसर गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे मालवाहक ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आइसर का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दब गया।
हादसे के दौरान गाड़ी में सवार तीन युवकों में से चालक और खलासी केबिन में फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों एवं राहगीरों ने लोहे के औजारों की मदद ली। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को मोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया।
108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पिंडवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।




