
जयपुर। कालवाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक छह मंजिला रिहायशी अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पार्किंग में खड़ी 3 कारें और 12 मोटरसाइकिलें समेत 15 वाहन इसकी चपेट में आ गए।
आग की सूचना मिलते ही कालवाड़ थाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। बिल्डिंग के अंदर मौजूद 80 से अधिक लोगों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल रहा।
दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन करने में जुटी है।




