जयपुर: चित्तौड़गढ़ हाईवे पर CBN का बड़ा एक्शन, कंटेनर से 25 करोड़ का डोडा चूरा जब्त, एमपी से पंजाब जा रही थी नशीले पदार्थों की खेप

जयपुर: चित्तौड़गढ़. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की चित्तौड़गढ़-2 और कोटा टीम को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है. संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-27 पर बारां-कोटा रोड स्थित देवरी गांव के पास एक ‘दोस्ताना ढाबे’ के सामने घेराबंदी कर एक कंटेनर ट्रक से 2046.850 किलोग्राम चूरा (पोस्ता भूसा) बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है.
उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा, नरेश बुंदेल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विभाग को एक पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना थी कि हरियाणा नंबर के एक कंटेनर ट्रक में मध्य प्रदेश के जावरा-मंदसौर इलाके से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त लादकर पंजाब ले जाया जा रहा है. इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए CBN की टीमों ने संदिग्ध रास्तों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी.
कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपा कर ले जा रहे थे पंजाब:
जब चिन्हित कंटेनर ट्रक NH-27 पर देवरी गांव के पास पहुंचा, तो टीम ने उसे रुकवा लिया. पहली नजर में ट्रक खाली लग रहा था, लेकिन जब बारीकी से तलाशी ली गई तो अधिकारी भी हैरान रह गए. तलाशी के दौरान चालक केबिन के ठीक पीछे कंटेनर और केबिन के बीच एक गुप्त चैंबर मिला. तस्करों ने चालक केबिन के ठीक पीछे कंटेनर के बीच एक बेहद शातिर तरीके से गुप्त चैंबर बना रखा था. इस चैंबर के आउटलेट को सामने के दो टायरों के बीच हल्की वेल्डिंग (टैक वेल्ड) के जरिए छिपाया गया था. वेल्डिंग तोड़ कर तलाशी ली गई तो 101 बोरियों में भरा 2046.850 किलो पोस्ता भूसा बरामद हुआ. उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि कानूनी औपचारिकता पूरी कर बरामद पोस्ता भूसा और कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया गया. ट्रक में सवार एक व्यक्ति को NDPS एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में यह मादक पदार्थ मध्यप्रदेश से पंजाब ले जाने की बात सामने आई है. नारकोटिक्स विभाग इस रैकेट से जुड़े अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रहा है.




