
जयपुर: भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भुसावर शाखा के एग्रीकल्चर मैनेजर और उसके रिश्तेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी भरतपुर की टीम ने अंजाम दी l
एसीबी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पीएनबी भुसावर शाखा के एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी और उसका रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी शामिल हैं। दोनों को परिवादी से 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय बैंक के बाहर सड़क से पकड़ा गया। इस राशि में 20 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 1 लाख 30 हजार रुपये डमी करेंसी शामिल थी।
लोन पास करने के बदले ले रहा था रिश्वत:
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन (PMFME) योजना के तहत पीएनबी भुसावर शाखा में लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन पास कराने के बदले एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी लगातार उससे 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था और उसे परेशान किया जा रहा था l




