
जयपुर: चौमूं पुलिस थाने के मंदिर में एक प्रेमी जोड़े का विवाह संपन्न हुआ। थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने इस विवाह में कन्यादान की रस्म निभाई। यह शादी तब हुई जब इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया था। दिल्ली की एक युवती और चौमूं के एक युवक की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। लगातार बातचीत के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। जब शादी की बात परिवारों तक पहुंची तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी बीच युवती दिल्ली से चौमूं आकर प्रेमी के घर पहुंच गई, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया। इसके बाद मामला चौमूं थाने पहुंचा।
थाने में युवती ने स्पष्ट कहा कि यदि उसकी शादी नहीं करवाई गई तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठा सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौमूं थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझाइश की। उन्होंने दोनों परिवारों को समझाकर विवाह के लिए सहमति बनवाई। इसके बाद चौमूं पुलिस थाने के मंदिर में वकील की उपस्थिति में युवक और युवती का विधिवत विवाह संपन्न हुआ।




