सिरोही : करोटी गांव में तीन झोलाछापों पर कार्रवाई, अवैध क्लिनिक सील, पुलिस में मामला दर्ज
सिरोही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देशानुसार डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एस.पी. शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को रेवदर ब्लॉक के करोटी गांव में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य कर रहे तीन झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पाया गया कि केपी सरकार उर्फ सावरड़ा नामक झोलाछाप व्यक्ति कई वर्षों से करोटी गांव में अवैध क्लिनिक संचालित कर रहा था। वहीं, दीपांशु नामक एक झोलाछाप मौके से फरार हो गया। तीसरे झोलाछाप भीमराम के क्लिनिक पर बिना किसी वैध चिकित्सकीय डिग्री के मरीजों का एक्स-रे जैसी जांचें भी अवैध रूप से की जा रही थीं।

पुलिस में दर्ज हुआ प्रकरण, क्लिनिक सील
तीनों झोलाछापों के विरुद्ध रेवदर थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया तथा सभी अवैध क्लिनिकों को मौके पर ही सील कर दिया गया। साथ ही मंडार क्षेत्र में भी बिना किसी वैध डिग्री के एक झोलाछाप द्वारा दवाइयों का अवैध संग्रहण किया हुआ पाया गया, जिसे जब्त कर क्लिनिक को सील करते हुए झोलाछाप प्रवीण को पुलिस के हवाले किया ।

कार्रवाई में चिकित्सा विभाग की टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान चिकित्सा विभाग की टीम में डॉ. एस.पी. शर्मा, डॉ. राहुल, डॉ. बाबूलाल, नर्सिंग ऑफिसर विक्रम सिंह एवं हनुवंत सिंह देवड़ा मौजूद रहे। टीम ने मौके पर सभी अवैध दवाइयां, उपकरण और दस्तावेज जब्त कर लिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दी सख्त चेतावनी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी ने कहा कि जिले में झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि वे केवल पंजीकृत व योग्य चिकित्सकों से ही इलाज करवाएं और किसी भी अवैध क्लिनिक या झोलाछाप चिकित्सक की जानकारी मिलते ही तुरंत चिकित्सा विभाग या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करें।
डॉ. खराड़ी ने स्पष्ट किया कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




