भीनमाल में भीषण सड़क हादसा, बाइक चालक की ओवरटेक के दौरान दर्दनाक मौत, घटना सीसीटीवी में कैद
जालौर के भीनमाल में मंगलवार शाम को हुए एक बाइक सवार युवक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जालौर जिले के भीनमाल शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा व्यस्त दासपा रोड पर उस समय हुआ जब बाइक चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर की चपेट में आया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चालक सामने से आ रही एक ब्रेजा कार से टकरा गया। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे टैंकर लगे ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक चालक को लगभग 10 मीटर तक बाइक सहित घसीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कुशलापुरा की ओर जा रहा था मृतक
मृतक की पहचान देवाराम के रूप में हुई है, जो बाइक से कुशलापुरा की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा दोनों वाहनों के बीच ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पहले बाइक ब्रेजा कार से टकराती है और गिरते ही युवक ट्रैक्टर के नीचे आ जाता है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही भीनमाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भीनमाल राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित किया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच कर रही है।



