
सिरोही, 23 जनवरी। जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आत्मा सभागार में गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक का आयोजन हुआ।
जिला कलेक्टर ने सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियां से चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी उन्हें आवंटित उत्तरदायित्वों की पूर्ण गहनता से मॉनिटरिंग करते हुए सफल आयोजन करवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस दौरान प्रत्येक विभागीय अधिकारी से अब तक की गई तैयारियों एवं अपेक्षित कार्यां के बारे में चर्चा की साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम का भव्य आयोजन करवाने के निर्देश दिये।
उन्होंने इस दौरान पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, डिस्कॉम, नगरीय निकाय, शिक्षा, पुलिस, डीओआईटी, एनसीसी, एनएसएस, रसद, कोष, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, खेल, राजीविका, महिला अधिकारिता, आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चर्चा की।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ राजेश गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद अग्रवाल, उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, सीओ मुकेश चौधरी, कोषाधिकारी अलका सिंह, सीएमएचओ डॉ दिनेश खराडी, राजीविका डीपीएम अंबिका राणावत, महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित, डीओआईटी के उपनिदेशक वेणुगोपाल, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, प्रोग्रामर नेहा राठौड सहित अन्य उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सर के एम स्कूल में शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभक्ति, स्वदेशी एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ करने के लिए जिले में 26 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर ने सभी सम्बन्धित विभागों को प्राप्त निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश दिये।




