हाईवे पर भीषण हादसे में एक की मौत, तीन घायल; नवाखेड़ा गांव में चोर समझकर युवकों को पीटा
जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। एक ओर सड़क हादसे ने एक व्यक्ति की जान ले ली तो दूसरी ओर चोरी की आशंका में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पीट डाला।

जिले से गुजर रहे सिरोही-जालौर हाईवे पर उड़ गांव के समीप सोमवार को दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
दुर्घटना उड़ गांव के पास नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिरोही ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने उड़ गांव निवासी कल्पेश पुत्र जोगाराम मेघवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार हादसे में संजय कुमार पुत्र मीठालाल, मीठालाल पुत्र पन्नालाल मेघवाल (निवासी हरजी, जालौर), राजेंद्र पुत्र राजू तथा कल्पेश गंभीर रूप से घायल हुए थे। दुर्घटना के बाद राहगीरों और पुलिसकर्मियों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चोर समझकर ग्रामीणों ने तीन युवकों को पीटा
इधर सिरोही सदर थाना क्षेत्र के नवाखेड़ा गांव में ग्रामीणों ने तीन युवकों को चोर समझकर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत व समझाइश के बाद युवकों को भीड़ से छुड़वाकर थाने ले आई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों युवक पाड़ीव गांव में एक लड़की को देखने के लिए आए थे। इसके बाद वे अनादरा चौराहा होते हुए सिंदरथ गांव की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। गाड़ी खराब होने के बाद वे पैदल आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और चोर समझकर मारपीट शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लंबे समय से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में भय और आक्रोश है, जिसके चलते ग्रामीण रात के समय स्वयं निगरानी करने को मजबूर हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।




