
सिरोही, 16 जनवरी। राजस्थान सरकार द्वारा राज्य में स्थानीय शिल्प, उत्पाद और कला को संरक्षण प्रदान करने एवं उत्पादों की गुणवत्ता सुधार कर निर्यात में वृद्धि करने के लिए पंच गौरव कार्यक्रम लागू किया गया है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के ओडीओपी उत्पाद/मार्बल आर्टिकल और पत्थर घड़ाई उद्योग को विशेष प्रोत्साहन दिए जाने का कार्य जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के सम्बन्ध में जागरूकता और प्रचार प्रसार के लिए उद्योग विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे।
जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक अनन्त आर्य ने बताया कि मार्बल आर्टिकल निर्माण के क्षेत्र में तेजी से उभर रही नवीन टेक्नोलॉजी से युवाओं को अवगत करवाने और आईटीआई के विद्यार्थियों को सी एन सी मशीन संचालन सम्बन्धी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को ओनसाइट मशीन सञ्चालन का डेमो प्रदान करने के साथ ही अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा विचार भी साझा किये जायेंगे। कार्यशाला में सम्मिलित होने के लिए जिले की सभी निजी और सरकारी आईटीआई के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किये जा रहे है। इच्छुक युवा स्वयं भी कार्यालय से आवेदन पत्र और कार्यशाला सम्बन्धी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 है। कार्यशाला के माध्यम से पारम्परिक कौशल को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे।




