AjmerE-Paperक्राइमखेलटेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़दुनियायुवाराजनीतिराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

लिव-इन बना सामाजिक अपराध: जालोर में परिवार पर 31 लाख का फरमान, हुक्का-पानी बंद; हाईकोर्ट का आदेश भी बेअसर

जालोर के भीनमाल में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर पंचायत द्वारा परिवार पर 31 लाख रुपए जुर्माना, समाज बहिष्कार और धमकियों का आरोप लगा है। पीड़ितों ने एसपी से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जालोर जिले के भीनमाल क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े एक मामले ने गंभीर सामाजिक विवाद का रूप ले लिया है। माली समाज के कथित सात पंचों पर एक परिवार का समाज बहिष्कार करने और 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी मदद करने वालों को भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित बाबूलाल माली ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसका साला एक युवती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों ने 26 अगस्त 2025 को आपसी सहमति से इकरारनामा भी कराया था। इसके बाद समाज के कुछ लोगों और युवती के परिजनों की ओर से जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। हालात बिगड़ने पर दोनों ने जोधपुर हाईकोर्ट की शरण ली, जहां से उन्हें सुरक्षा और संरक्षण के निर्देश संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए गए।

आरोप है कि हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद भीनमाल में समाज के कुछ लोगों ने पंचायत बुलाकर बाबूलाल के साले पर 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही उसकी मदद करने वाले साडू पांचाराम माली का हुक्का-पानी बंद कर समाज से बहिष्कृत कर दिया गया। पंचायत के फैसले का विरोध करने पर पूरे परिवार को समाज से बाहर करने और दोबारा शामिल होने के लिए 11 लाख रुपए देने की शर्त रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है। 

इस संबंध में पीड़ितों ने 9 जनवरी को भीनमाल थाने में सात कथित पंचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बाद 20 जनवरी को बयान देने वालों पर दबाव बनाया गया और दोबारा भारी जुर्माने व सामाजिक बहिष्कार की धमकी दी गई।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर बुधवार को बाबूलाल माली और पांचाराम माली अपने रिश्तेदारों के साथ जालोर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह के समक्ष पेश होकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की। पुलिस का कहना है कि भीनमाल थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

सिरोही जालोर लाइव न्यूज़

माउंट आबू की वादियों से लेकर सांचौर के रेगिस्तान तक और भीनमाल की ऐतिहासिक धरती से लेकर शिवगंज के बाज़ारों तक, हमारी टीम ज़मीनी स्तर पर सक्रिय है। हम केवल खबरें ही नहीं दिखाते, बल्कि आम जनता की आवाज़ को प्रशासन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम भी हैं। नमस्ते, मैं [ Kरावल ] हूँ, एक स्वतंत्र पत्रकार और [ सिरोही जालौर न्यूज़ ] का संस्थापक। सिरोही और जालोर की मिट्टी से जुड़ा होने के नाते, मेरा लक्ष्य अपने क्षेत्र की समस्याओं को उजागर करना और यहाँ की सकारात्मक खबरों को दुनिया के सामने लाना है। सालों के अनुभव और स्थानीय समझ के साथ, मैं और मेरी टीम न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से आप तक ऐसी खबरें पहुँचाते हैं जो सीधे आपसे जुड़ी हैं। "निष्पक्षता ही हमारी पहचान है और आपका विश्वास हमारी ताकत।"

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!