
जयपुर: जयपुर के सप्त शक्ति कमांड ऑडिटोरियम में भारतीय सेना के 78वें स्थापना दिवस की परेड में बेहतर करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. इस मौके पर समारोह के मुख्य अतिथि सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि पहली बार सेना ने छावनी से बाहर निकलकर आम जनता के बीच भारतीय सेना के 78वें स्थापना दिवस की परेड को आयोजित किया
कार्यक्रम में सप्त शक्ति कमांड ने उन जांबाज सैनिकों, अधिकारियों, संस्था प्रमुखों और नागरिकों को सम्मानित किया, जिन्होंने इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन रात एक कर दिए. मनजिंदर सिंह ने सहयोग के लिए हर एक वर्ग की तारीफ की. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के बीच इस तरह की परेड आयोजित करने का प्रस्ताव उन्होंने काफी समय पहले रखा था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और रक्षा मंत्री के पूरे सहयोग की वजह से ही यह ऐतिहासिक पल मुमकिन हो पाया. उन्होंने बड़े गर्व के साथ कहा कि सेना केवल देश की सीमाओं की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि यह हर देशवासी की अपनी सेना है
देशभक्ति की भावना बढ़ाता है:
आर्मी कमांडर ने कहा कि बेहतरीन योगदान देने वाले लोगों को आज विशेष फेलिसिटेशन समारोह में सम्मानित किया गया. राजस्थान जैसी वीरों की धरती पर जनता के बीच इस तरह का आयोजन होना देशभक्ति की भावना को और भी गहरा करता है. आर्मी कमांडर का कहना था कि देश पर कोई भी नजर उठाए तो हमें एकजुट होकर सेना और आमजन को भी भूमिका निभानी चाहिए. महल रोड पर हुई उस भव्य परेड ने लाखों लोगों के दिलों में सेना के प्रति सम्मान और बढ़ा दिया है. इस मौके पर रामनगरिया थाना एसएचओ चंद्रभान सिंह को सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा कि लाखों लोग इस परेड को देखने पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुआ




