
स्वरूपगंज/सिरोही। भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस ‘अटल स्मृति वर्ष’ एवं ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रदेश स्तरीय टीम की घोषणा की गई है। इसमें सिरोही जिले के स्वरूपगंज किसान नेता महेंद्र सिंह जैतावत को प्रदेश स्तरीय मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग टीम का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
यह नियुक्ति भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार की गई है। इस संबंध में प्रदेश महामंत्री ओपी यादव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र सिंह गॉड ने आदेश जारी कर जैतावत को इस जिम्मेदारी से नवाजा है।

गौरतलब है कि राजस्थान सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में ‘अटल स्मृति वर्ष’ और साहिबजादों के बलिदान को समर्पित ‘वीर बाल दिवस’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जैतावत की टीम इन कार्यक्रमों की निगरानी और रिपोर्टिंग का कार्य देखेगी। उनकी इस नियुक्ति पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हर्ष की लहर है।




