
सिरोही, 21 दिसम्बर। राज्य स्तरीय लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। इस कार्यक्रम में जिला सिरोही से चयनित 10 लखपति दीदियों ने सहभागिता की तथा अपनी आजीविका से जुड़े सफल अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान डीओआईटी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखपति दीदियां सीधे लाइव प्रसारण से जुड़ीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं द्वारा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए लखपति दीदी पहल को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कदम बताया।
डीओआईटी सभागार में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश कुमार गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद प्रकाश चंद्र अग्रवाल एवं जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका अंबिका राणावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली लखपति दीदियों में श्रीमती अजी बाई गरासिया (कुंडाल), श्रीमती कांता बाई (मालेरा), श्रीमती रमीला (नया सानवाड़ा), श्रीमती हेमलता गर्ग (जोगापुरा), श्रीमती एनल बानू (मोटाल), श्रीमती पोपट देवी (भूतगांव), श्रीमती सीता बाई (मूंगथला) व श्रीमती बिंदु राजपुरोहित (आमथला) सहित जिले की अन्य लखपति दीदियां शामिल रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी सफलता की कहानियों को साझा करना तथा अन्य महिलाओं को स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना रहा।




