
सिरोही, 08 दिसम्बर। महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित के निर्देशन में राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिवगंज में लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम एवं महिलाओं की सुरक्षा पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं के विरुद्ध होने वाली विभिन्न प्रकार की हिंसा, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर ब्लॉक शिवगंज महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक पुष्पा राव ने लिंग आधारित हिंसा पखवाड़ा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, (पोस एक्ट) वन स्टॉप सेंटर, एवं महिला सुरक्षा एवं सहायता केंद्रों की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला और बालिका को अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिकाओं की जागरूकता को बढ़ाने हेतु विभिन्न प्रकार के प्रश्न. उत्तर भी किए गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए और महिलाओं की साक्षरता, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित अपने विचार भी साझा किए। इस सहभागिता से कार्यक्रम और अधिक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बन गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक नारी ही सुरक्षित नारी है और हर छात्रा को समाज में बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन संस्था प्रधान खेताराम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए किया गया। उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग की टीम, कॉलेज स्टाफ और उपस्थित सभी छात्राओं का हृदयपूर्वक आभार व्यक्त किया।




