
बाड़मेर: सोलह राजस्थान बटालियन एनसीसी के राजकीय पीजी महाविद्यालय, बाड़मेर के तीन होनहार कैडेट्स का गणतंत्र दिवस शिविर, नई दिल्ली के लिए चयन हुआ l तीनों कैडेट्स सहित राजस्थान दल रविवार को जयपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ l एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. आदर्श किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित कैडेट्स में अंडर ऑफिसर मगसिंह नरसिंगो की ढाणी जैसलमेर, जितेन्द्र कुमार, लोहारवा धोरीमन्ना और भवेन्द्र चौधरी, खड़ीन रामसर निवासी है lइन तीनों कैडेट्स का चयन कई स्तरों के कठिन प्रशिक्षण शिविरों एवं चयन प्रक्रियाओं के पश्चात किया गया है।
ये कैडेट्स जनवरी माह में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोहों में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए कर्तव्य पथ, प्रधानमंत्री रैली और कल्चरल प्रतियोगिताओं में भी सहभागिता करेंगे l इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर 16 राज बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनीष देवरे ने चयनित कैडेट्स को बधाई दी। साथ ही महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मृणाली चौहान सहित समस्त स्टाफ साथियों ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बताया कि राजस्थान निदेशालय के दल में एक ही कॉलेज के तीन कैडेट्स का चयन अपने आप में महत्वपूर्ण पल है यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय और एनसीसी यूनिट के लिए, बल्कि समूचे बाड़मेर जिले के लिए गर्व की बात है। गणतंत्र दिवस परेड में इन कैडेट्स की सहभागिता से बाड़मेर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित होगा।




