
सिरोही। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिसके अनुसार वर्तमान में 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक परिगणना अवधि के दौरान बीएलओ द्वारा सम्बन्धित निर्वाचकों से भरवाकर संकलित किये जाने का कार्य प्रगति पर है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अल्पा चौधरी ने बताया कि परिगणना अवधि में बीएलओ द्वारा परिगणना प्रपत्र संकलित किये जाने के दौरान जो परिगणना प्रपत्र निर्वाचकों द्वारा पूर्ति कर बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराये गए हैं उनकी सूचना सम्बन्धित बीएलओ के माध्यम से सम्बन्धित भाग में राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त किये गए बीएलए को 5 दिवस के नियमित अन्तराल में प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन निर्वाचको द्वारा परिगणना प्रपत्र की पूर्ति उपरांत जमा नहीं कराया जाएगा उन निर्वाचकों का नाम प्रारूप निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो सकेगा।
राज्य में 4 नवंबर से चल रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में मतदाता सूचियों को और अधिक सटीक,पारदर्शी, अद्यतन करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसमें बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में प्रत्येक नाम, पते एवं परिवार की शुद्धता सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर घर जाकर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। इसके उपरांत 9 दिसंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा। 9 दिसम्बर से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएगी। 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक नोटिस फेज रहेगा, जिसमें सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।




