
सिरोही 18 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करने की भी सुविधा दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अल्पा चौधरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करने की भी सुविधा दी है। मतदाता अब पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर विजिट कर ’एसआईआर-2026 : फिल इनुमेरेशन फॉर्म’ आइकन पर क्लिक कर ऑनलाइन अपना गणना प्रपत्र भर सकते हैं। मतदाता स्वयं के लिए ही ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है, क्योंकि यह ई-हस्ताक्षर के माध्यम से हस्ताक्षरित होता है।
यह बातें रखें ध्यान
परिगणना प्रपत्र ऑनलाईन भरने हेतु ईपिक कार्ड एवं आधार कार्ड में नाम समान होना अनिवार्य है। समान नहीं होने की दशा में संबंधित बीएलओ के माध्यम से ऑफलाईन भरा जाना सुनिश्चित करें। आपका अथवा आपके माता-पिता/दादा-दादी का 2002 में जारी किया हुआ वोटर कार्ड यदि उपलब्ध हो 2002 की मतदाता सूची के अनुसार विधानसभा क्षेत्र संख्या/भाग संख्या एवं मतदाता क्रमांक संख्या, आधार कार्ड संख्या एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है।
यह रहेगी ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया
मतदाता अपना ऑनलाईन परिगणना प्रपत्र आसान प्रक्रिया से स्वयं भर सकते हैं। ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भरने के लिए मतदाता मोबाईल अथवा कम्प्यूटर पर https://voters.eci.gov.in वेबसाईट पर होम पेज पर दायीं तरफ में फिल इनुमेरेशन फॉर्म पर पर क्लिक करें। इसके बाद लॉगिन पेज प्रदर्शित होगा। यदि मतदाता पूर्व से उक्त साईट पर पंजीकृत है, तो मोबाईल नंबर से लॉगिन कर सकते हैं, अथवा साईन अप विकल्प का प्रयोग कर मोबाईल या ई-मेल के जरिये पंजीकरण कर सकते हैं।
लॉगिन के बाद मतदाता अपना राज्य चुनकर ईपिक कार्ड नम्बर दर्ज करें। इसे मतदाता की सूचना प्रदर्शित होगी। मतदाता वोटर कार्ड से मोबाईल नंबर लिंक किये जाने हेतु यहां आपसे मोबाईल नंबर पूछा जायेगा आप अपना मोबाईल नंबर दर्ज करें। यदि आपका मोबाईल नम्बर पहले वोटर कार्ड के साथ लिंक है तो ओटीपी प्राप्त होगा, अन्यया वेब पार्टल आपको फार्म 8 भरने हेतु निर्देशित करेगा। फॉर्म 8 भरने के उपरान्त आपका मोबाईल नंबर तुरन्त ही वोटर कार्ड से लिंक हो जायेगा। मोबाईल नंबर वोटर कार्ड से लिंक होने के पश्चात् आप ओटीपी डालने पर आपसे तीन विकल्प पूछे जाएंगे।
पहला विकल्प मेरा नाम अंतिम एसआईआर की मतदाता सूची में है। दूसरा विकल्प मेरे पेरेंटस (पिता, माता, दादा, दादी) का नाम अंतिम एसआईआर की मतदाता सूची में है। तीसरा विकल्प मेरा अथवा मेरे पेरेंटस का नाम एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में नहीं है। प्रथम अथवा द्वितीय विकल्प का चयन करने पर सूचना मतदाता सूची 2002 के अनुसार भरी जानी है।
यहां से देखें 2002 की मतदाता सूची
मतदाता https://voters.eci.gov.in पर विजिट करें तथा दायीं तरफ ’सर्च यॉर नेम इन लास्ट एसआईआर’आइकन पर क्लिक करें। इसके बाद राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र, मतदान केन्द्र नाम व संख्या का चयन करेंगे तो उस क्षेत्र की मतदाता सूची प्राप्त हो जाएगी। मतदाता सूची से मतदाता संबंधित जानकारी परिगणना प्रपत्र में भरकर सर्च पर क्लिक करें। अब प्रदर्शित विवरण सही होने पर सही के निशान पर क्लिक करें एवं कंटीन्यू पर क्लिक करें। प्रदर्शित फार्म में आप स्वयं का विवरण एवं फोटो अपलोड कर आवेदन पत्र सबमिट करें। आवेदन पत्र आधार कार्ड से ई-साइन कर सबमिट करें। मतदाता को परिगणना प्रपत्र भरने की सूचना एसएमएस के माध्यम से प्राप्त हो जायेगी।




