
जयपुर: जोधपुर. प्रदेश में नवंबर के पहले दिन मौसम का मिजाज बदल गया. मौसम विभाग की मानें तो नवंबर के पहले सप्ताह में ही बदलाव होगा. पहाड़ों में बर्फबारी और मैदान में बूंदाबांदी की उम्मीद है. नवंबर अंत तक न्यूनतम पारा 13 डिग्री तक जा सकता है. रविवार सुबह जारी मौसम विभाग की रिपोर्ट में शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रहा जबकि अधिकतम 33.8 डिग्री दर्ज किया गया. चार नवंबर को बादलों की गर्जना और बूंदाबादी का पूर्वानुमान जताया गया है
मौसम विभाग जयपुर के निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह में ही ठंड बढ़ेगी. नवंबर में विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं. इससे पहाड़ों में बर्फबारी होगी. इसका असर रेगिस्तान तक होगा. यह क्रम लंबा चलेगा.मौसम विभाग ने नवंबर पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिम राजस्थान में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इससे सुबह-शाम ठंड बढ़ जाएगी. इस माह के दूसरे सप्ताह से उत्तरी हवाएं चलने से रात का पारा गिरेगा, लेकिन दिन में तापमान बढ़ सकता है. तीसरे सप्ताह में विक्षोभ का असर नहीं होने से सर्दी का एहसास कम होगा लेकिन अंतिम सप्ताह में विक्षोभ उत्तरी क्षेत्र में सक्रिय होने से सर्दी बढ़ेगी
अक्टूबर में यह रहा हाल:
सूर्यनगरी में इस अक्टूबर में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है. पिछले दस साल में अक्टूबर के औसत तापमान में यह वृद्धि दो डिग्री से ज्यादा हुई है, जबकि दिन का पारा घट गया. अक्टूबर में रातों ने उतना नहीं ठिठुराया, दिन जरूर ठंडे रहे. इसकी वजह देश में पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने और बर्फबारी में कमी माना गया है.
इसलिए नहीं पड़ी ठंड:
जोधपुर में अक्टूबर में न्यूनतम तापमान लगातार चौथे साल 17 डिग्री से नीचे नहीं उतर पाया, जबकि दिन का 10 साल में पहली बार 35.6 डिग्री से आगे नहीं बढ़ा. शर्मा ने कहा कि मानसून के बाद हवाओं का दौर बदलता है. यह पश्चिमी व उत्तरी हो जाता है. पश्चिमी हवाओं के साथ मैदानी क्षेत्रों में बादल आते हैं. इससे बूंदाबादी होती है, लेकिन इसके साथ तेज पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुए. ऐसे में उत्तरी हिस्सों में बर्फबारी हुई, लेकिन कम होने से मैदानी इलाकों में अक्टूबर में ठंड का असर नहीं आया
10 साल में जोधपुर में अक्टूबर का तापमान:
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2016 37.6 16.0
2017 40.3 16.1
2018 40.0 16.6
2019 37.6 16.2
2020 38.2 15.2
2021 38.1 15.4
2022 37.4 17.0
2023 38.1 17.4
2024 39.4 20.1
2025 35.6 17.4




