
बालोतरा, 20 नवंबर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार, 19 नवंबर, 2025 को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव ने बायतु विधानसभा क्षेत्र में कार्रवाई कर 1 बीएलओ को निलंबित कर दिया, जबकि 14 बीएलओ को चार्जशीट और 26 को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कल्पित शिवरान ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र बायतु के अंतर्गत भाग संख्या 66 के बीएलओ दीपाराम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसी के साथ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कल्पित शिवरान ने राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1958 के नियम 17 के तहत अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए 14 बीएलओ को चार्जशीट और 26 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किये। उन्होने बताया कि यह कार्रवाई विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 में डिजिटाइजेशन और सत्यापन में धीमी प्रगति को लेकर की गई।
उन्होने स्पष्ट संदेश दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी




