
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रत्येक पात्र तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। गिवअप अभियान में अब तक लगभग 38 लाख अपात्र लोगों द्वारा स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा छोडी गई है। गिवअप अभियान में अपात्र द्वारा खाद्य सुरक्षा छोडने के साथ साथ प्रदेश में 27 लाख से अधिक लोगों द्वारा ई केवाईसी सम्पन्न नहीं करवाई गई इससे स्वतः उनका नाम खाद्य सुरक्षा सूची से हट गया।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर कमलो से खाद्य सुरक्षा पोर्टल के पुनः प्रारम्भ होने के बाद अब तक लगभग 65 लाख नए पात्र लाभार्थी खाद्य सुरक्षा से जोडे जा चुके हैं। राज्य सरकार के इस कदम से खाद्य सुरक्षा का लाभ वास्तविक पात्र को मिल रहा है। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के तहत प्रति वर्ष 450 रू में 12 गैस सिलेंडर, मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के तहत सुरक्षा बीमा एवं मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क चिकित्सा भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि सिरोही जिले में जिले में 59 हजार 432 व्यक्तियों ने गिवअप अभियान के तहत स्वेच्छा से अपना नाम हटाया और 84 हजार 817 नए लाभार्थी जुडे हैं। उन्होंने सक्षम व्यक्तियों से गिवअप अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा का लाभ छोडने की अपील भी की।




