
जैसलमेर: थार मरुस्थल की सुनहरी रेत पर बसे पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स में गुरुवार को एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई. इससे आठ टेंट जलकर राख हो गए. सम थानाधिकारी बगडू राम ने बताया कि लखमणा रोड स्थित जैन टेंट एम्पायर रिसॉर्ट में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते रिसॉर्ट के आठ टेंट पूरी तरह जलकर राख हो गए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है
स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए तुरंत प्रयास शुरू किए और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सम थानाधिकारी बगडू राम पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि हमें आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. आग लगने के कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है
टेंटों में लगी आग:
घटना के बाद जैसलमेर शहर से दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे और शेष टेंटों तक आग फैलने से पहले स्थिति को नियंत्रित किया गया. आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रिसॉर्ट क्षेत्र में बिजली शॉर्ट सर्किट या रसोई क्षेत्र से चिंगारी उठने की आशंका जताई जा रही है
पुलिस ने जांच शुरू की:
सम क्षेत्र के रिसॉर्ट्स में लगातार बढ़ती आग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हर बार इस तरह की घटनाओं में जनहानि तो टल जाती है, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी रहती है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है




