AjmerE-Paperक्राइमखेलटेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़दुनियायुवाराजनीतिराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

जयपुर: RTO की गाड़ी देख टैंकर चालक ने वाहन मोड़ा और सिलेंडर भरे ट्रक से टकराया, 2 घंटे तक फटते रहे 200 सिलेंडर

🌍 सिरोही जालोर 📽️ लाइव मिडिया 🎤

जयपुर: अजमेर हाईवे पर मोखमपुरा के पास मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई. RTO की गाड़ी देखकर घबराए केमिकल टैंकर चालक ने वाहन ढाबे की तरफ मोड़ दिया. इससे उसकी LPG सिलेंडरों से भरे खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर लगते ही टैंकर के केबिन में आग लग गई, जो धीरे-धीरे ट्रक के सिलेंडरों तक जा पहुंची. लगातार 2 घंटे 200 सिलेंडर एक-एक कर फटते रहे. धमाकों की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनी गईं और कई सिलेंडर 500 मीटर दूर खेतों तक जा गिरे

ट्रक में 330 सिलेंडर थे, 12 दमकल ने 3 घंटे में पाया काबू:

प्रत्यक्षदर्शी और ट्रक चालक मोहम्मद शेख के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:15 बजे यह हादसा हुआ. आग लगने के बाद पहली दमकल 1 घंटे बाद लगभग 11:15 बजे पहुंची थी. इसके बाद रात 1:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हैं. झुलसी हुई हालत में चार लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था. मौके पर पहुंचीं दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. ट्रक में कुल 330 सिलेंडर लदे थे. इनमें 200 सिलेंडरों में धमाके हुए. हादसे में वहां खड़े 5 अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए. IG राहुल प्रकाश ने बताया कि हादसा सड़क किनारे ढाबे पर खड़े ट्रक को पीछे से टैंकर के टक्कर मारने के बाद हुआ. इसमें एक शख्स की मौत हो गई

खाना खा रहा था ट्रक का ड्राइवर:

एक और प्रत्यक्षदर्शी जोगिंदर सिंह के अनुसार सिलेंडर भरे ट्रक का ड्राइवर खाना खा रहा था. टक्कर लगते ही सिलेंडर भरे ट्रक में आग लग गई. टैंकर ड्राइवर जिंदा जल गया जबकि खलासी निकल गया. आसपास के दोनों होटलों पर गाड़ियां खड़ी थी. उनके ड्राइवर-खलासी निकलकर भाग गए. हादसा सावरदा पुलिया के पास ढाबे पर हुआ. गैस सिलेंडर से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार केमिकल से भरा टैंकर सामने से आती RTO गाड़ी देखकर ढाबे में घुस गया और खड़े ट्रक से जा टकराया. टक्कर के बाद स्पार्किंग हुई और आग तेजी से फैल गई. टैंकर ड्राइवर ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद लगभग 2 घंटे तक कोई फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई

ट्रैफिक डायवर्ट, 7 किमी लंबा जाम:

हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया गया. इससे 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. अजमेर से जयपुर आने वाले वाहनों को किशनगढ़-रूपनगढ़ मार्ग से डायवर्ट किया गया. इससे यात्रियों को 15 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी. वहीं जयपुर से अजमेर जाने वाले वाहनों को 200 फीट बाईपास से टोंक रोड की ओर डायवर्ट किया गया

छह घंटे बाद बहाल यातायात:

जयपुर जिला कलेक्टर जितेन्द्र सोनी के निर्देश पर सुबह 4:30 बजे हाईवे दोनों ओर से यातायात के लिए खोल दिया गया. हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे के बाद हुआ था, जिसके बाद 6 घंटे तक मार्ग बंद रहा. हादसे के तुरंत बाद SMS अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया. प्लास्टिक सर्जन सहित पूरा स्टाफ इमरजेंसी में तैनात रहा और ICU बेड टेकओवर किए गए. हादसे में जले व्यक्ति का शव देर रात 2 बजे प्लास्टिक बैग में मॉर्चरी लाया गया. SMS अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि शव की पहचान एफएसएल-डीएनए टेस्ट के बाद ही हो पाएगी

सुबह तक जारी रहा बेंजीन टैंकर कूलिंग ऑपरेशन:

हादसे के करीब 7 घंटे बाद तक केमिकल टैंकर का तापमान कम नहीं हुआ था. इसके चलते सुबह तक उस पर पानी का छिड़काव जारी रहा. आग पर काबू पाने के बाद जले हुए सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया. मौजमाबाद तहसीलदार सुरेंद्र विश्नोई ने बताया कि टैंकर में बेंजीन केमिकल भरा था, पेट्रो केमिकल के अधिकारियों ने देर रात इसकी पुष्टि की. टैंकर गुजरात जा रहा था. यह एक रसायन है, जो रंगहीन, ज्वलनशील तरल है और कच्चे तेल और गैसोलीन का प्राकृतिक घटक है. इसका उपयोग विलायक के रूप में, विभिन्न रसायनों, जैसे दवाएं, प्लास्टिक और डिटर्जेंट के उत्पादन में एक प्रारंभिक पदार्थ के रूप में किया जाता है

मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम बैरवा:

हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर ग्रामीण एसपी राशि डोगरा, SDM बलवीर सिंह, ASP शिवलाल बैरवा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. बगरू विधायक कैलाश वर्मा ने कहा कि भगवान का आशीर्वाद रहा कि यहां कोई बड़ी घटना नहीं हुई. 1-2 लोग घायल हुए हैं जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने स्थिति पर काबू पा लिया

सीएम ने जताया दुख:

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने X पर पोस्ट में लिखा कि गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की दुर्घटना अत्यंत दुखद है. फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं

सिरोही जालोर लाइव न्यूज़

माउंट आबू की वादियों से लेकर सांचौर के रेगिस्तान तक और भीनमाल की ऐतिहासिक धरती से लेकर शिवगंज के बाज़ारों तक, हमारी टीम ज़मीनी स्तर पर सक्रिय है। हम केवल खबरें ही नहीं दिखाते, बल्कि आम जनता की आवाज़ को प्रशासन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम भी हैं। नमस्ते, मैं [ Kरावल ] हूँ, एक स्वतंत्र पत्रकार और [ सिरोही जालौर न्यूज़ ] का संस्थापक। सिरोही और जालोर की मिट्टी से जुड़ा होने के नाते, मेरा लक्ष्य अपने क्षेत्र की समस्याओं को उजागर करना और यहाँ की सकारात्मक खबरों को दुनिया के सामने लाना है। सालों के अनुभव और स्थानीय समझ के साथ, मैं और मेरी टीम न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से आप तक ऐसी खबरें पहुँचाते हैं जो सीधे आपसे जुड़ी हैं। "निष्पक्षता ही हमारी पहचान है और आपका विश्वास हमारी ताकत।"

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!