
बालोतरा, 30 अक्टूबर। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज राजकीय बालिका उच्च् माध्यमिक विद्यालय, सिवाना में समेकित बाल विकास सेवाएँ की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विभाग की ओर से दिए गए वार्षिक लक्ष्यों को अनिवार्य रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होने कहा कि यह योजना गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को पहले जीवित बच्चे के जन्म पर आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार लाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि वे योजना की प्रगति की समीक्षा निर्धारित समय अंतराल में करते रहें, ताकि लक्ष्यों को समय पर प्राप्त किया जा सके। कार्यकर्ताओं के आमुखीकरण कार्यक्रम में उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक नितिन गहलोत, बाल विकास परियोजना अधिकारी भीमाराम बारूपाल, पुरुष पर्यवेक्षक और बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित थीं।




