12 सितंबर को केंद्रीय मंत्री करेंगे थ्रीई एक्सपो का शुभारंभ
राष्ट्रीय अभियंता सम्मेलन के स्वागत सत्र में लेंगे भाग - 13 सितंबर को सुबह केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे सम्मेलन का शुभारंभ - उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कार्य और जीवन में संतुलन विषय पर आयोजित होगा सम्मेलन
आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन के डायमंड हाल में 12 सितंबर से चार दिवसीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं अभियंता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दोपहर 2.30 बजे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सम्मेलन में लगाई गई थ्रीई एक्सपो का शुभारंभ करेंगे। वहीं शाम को आयोजित स्वागत सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

वैज्ञानिक, अभियंता एवं आर्किटेक्ट प्रभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीके मोहन सिंघल भाई ने बताया कि शांतिवन के डायमंड हाल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कार्य और जीवन में संतुलन विषय पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं अभियंता सम्मेलन में देशभर से पांच हजार से अधिक वैज्ञानिक, इंजीनियर, आर्किटेक्ट भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों और निजी कंपनियों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। 13 सितंबर को सुबह 10 बजे केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा 13 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता बीके शिवानी दीदी सम्मेलन में मेडिटेशन और आध्यात्मिक सत्र में संबोधित करेंगी।




