
79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जोधपुर के बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। जयपुर में बड़ी चौपड़, बीजेपी कार्यालय और कांग्रेस के कार्यक्रमों में भी तिरंगा फहराया गया।
राजस्थान में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जोधपुर के बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इससे पहले उन्होंने गौरव पथ स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस, आरएसी, एनसीसी और एनएसएस टुकड़ियों की परेड की सलामी ली। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर रहा, जिसने आसमान से राष्ट्रीय ध्वज पर पुष्पवर्षा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और जांबाज सैनिकों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भारत की बढ़ती वैश्विक साख और आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रही प्रगति का भी उल्लेख किया।
जयपुर में आयोजित समारोह में बड़ी चौपड़ पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा विधायक गोपाल शर्मा और हैरिटेज नगर निगम की मेयर कुसुम यादव मौजूद रहे। वहीं बड़ी चौपड़ के दक्षिणी हिस्से में कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने ध्वजारोहण किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेता मौजूद रहे।
जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाना है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आजादी के महत्व को याद करने की अपील की। राजस्थान भर में विभिन्न सरकारी, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया, जिसमें जनभागीदारी और तिरंगे की शान प्रमुख रही।

एडीजी विजय कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक
समारोह में मुख्यमंत्री शर्मा ने एडीजी एटीएस एवं एसओजी विजय कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया। साथ ही, सवाई माधोपुर कलक्टर काना राम, बारां कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, राजीव जैन परियोजना निदेशक, स्टेट रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन सेन्टर, डॉ. बलराम शर्मा सह आचार्य, एसएमएस मेडिकल कॉलेज, रोहिताश जाट उप निदेशक, कृषि, लालचन्द कुमावत प्रोग्रामर, मुख्यमंत्री कार्यालय, डॉ. सुदीप कुमावत सहायक निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी, नेमीचन्द शर्मा प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस मुख्यालय, अनिल कुमार कौशिक सहायक प्रशासनिक अधिकारी, एसीबी, राम प्रकाश सहायक अनुभागाधिकारी, कार्मिक विभाग, दीपिका आसनानी सांख्यिकी निरीक्षक, मुख्यमंत्री कार्यालय को योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में राजस्थान के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं गुजरात से आए लोक कलाकारों ने कोरियोग्राफर नरेश कुमार के निर्देशन में मनोहारी लोक प्रस्तुतियां और प्रदेश भर से आए स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति परक गीतों की धुन पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर आर्मी बैण्ड, सेंट्रल बैण्ड, स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय, मंडोर एवं गुरूकुल इंटरनेशनल सी.सै. स्कूल, चौपासनी के स्कूल बैंड की ओर से आकर्षक बैण्डवादन की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में घुड़सवारी शो, कैमल टैटू शो, सशस्त्र बलों द्वारा हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया। भव्य समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।





