नई दिल्ली: आज से ₹3000 में साल भर टोल फ्री! हर ट्रिप पर आयेगा सिर्फ इतना खर्च
भारत : नई दिल्ली

नई दिल्ली: अगर आपका नेशनल हाईवे पर अक्सर आना जाना लगा रहता हैं और हर टोल प्लाज़ा पर पैसे देने से थक चुके हैं, तो ये खबर आपके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने आज, 15 अगस्त से एक ऐसा वार्षिक FASTag पास लॉन्च कर दिया है, जो आपके टोल खर्च को सीधे-सीधे 70% तक कम कर देगा।अब सिर्फ ₹3,000 में आपको एक साल का पास मिलेगा। और इसके साथ आप 200 बार तक टोल क्रॉस कर सकते हैं। मतलब, एक टोल क्रॉस करने की औसत कीमत मात्र ₹15 होगी।
आखिर ये खास पास है क्या:
आपको बता दें कि मौजूदा FASTag में हर बार टोल पार करते ही पैसे कटते हैं। लेकिन इस एनुअल पास के साथ आपको सिर्फ एक बार 3,000 रुपये भरने हैं, और सालभर के लिए 200 टोल क्रॉसिंग फ्री जैसी सुविधा मिल जाएगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुद कहा – “पहले 200 टोल पार करने में करीब 10,000 रुपये लगते थे, अब सिर्फ 3,000 में ही काम हो जाएगा।”
जानें कहां-कहां चलेगा ये पास और कहां नहीं:
गौरतलब है कि यह पास NHAI और MoRTH के नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे जैसे अहमदाबाद–वडोदरा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (KGP), दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, वडोदरा–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मान्य होगा। लेकिन स्टेट हाईवे, नगरपालिका टोल, या प्राइवेट एक्सप्रेसवे जैसे यमुना एक्सप्रेसवे, मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे, आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर नहीं मान्य होगा।
किन गाड़ियों के लिए है ये ऑफर:
गौरतलब है कि यह ऑफर सिर्फ निजी. नॉन-कॉमर्शियल व्हीकल्स जैसे कार, जीप, वैन आदि के लिए है। इसके साथ ही शर्त यह है कि गाड़ी का रिकॉर्ड VAHAN डेटाबेस में “प्राइवेट व्हीकल” होना चाहिए। ट्रक, बस, टैक्सी वालों के लिए यह पास नहीं जारी होगा।
जानें पास लेने की आसान शर्तें:
विदित है कि इसके लिए नया FASTag खरीदने की ज़रूरत नहीं है आपका मौजूदा FASTag ही एक्टिव होना चाहिए। इसके साथ ही FASTag गाड़ी के नंबर से लिंक होना चाहिए (चेसिस नंबर से नहीं)
जानें पास कहां मिलेगा:
यह पास आज से राजमार्ग यात्रा ऐप, NHAI की ऑफिशियल वेबसाइट और MoRTH की वेबसाइट पर मिलेगी। प्री-बुकिंग पहले से शुरू हो चुकी है, यानी आज से बस आवेदन कीजिए और पास एक्टिव कराइए।
टोल क्रॉसिंग गिनने का नियम:
●पॉइंट-बेस्ड टोल: हर पार एक क्रॉसिंग
●क्लोज्ड/बंद टोलिंग (जैसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे): एंट्री + एग्जिट = एक क्रॉसिंग
वापसी में दोबारा पार करेंगे तो वह अलग गिनी जाएगी।
अगर साल में 200 क्रॉसिंग पूरी हो जाए:
आपको बता दें कि अगर साल के 200 क्रॉसिंग पूरे भी हो जाये तो भी कोई दिक्कत नहीं पास को फिर से उसी रेट पर रिचार्ज किया जा सकता है।
जानें फायदों का गणित:
विदित है कि पहले दो सौ बार टोल पार पर ₹10,000 + का खर्च आता था अब वही सफर ₹3000 में होगा यानी सीधा बचत ₹7000 से ज्यादा का होगा। इस सब्सक्रिप्शन सुविधा से सरकार की मंशा हाईवे पर भीड़ घटाना, टोल भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाना, FASTag सिस्टम को और लोकप्रिय करना और यात्रा को समय और पैसे दोनों के लिहाज से सुविधाजनक बनाना है। जिससे आम आदमी को नेशनल हाईवे पर कम खर्च में आरामदायक सफर का आनंद मिल सके।




